नई दिल्ली। हाल के सप्ताहों में कच्चे तेल और जेट फ्यूल की कीमतों में कमी आने के बाद एअर इंडिया ने उत्तरी अमेरिका, आस्ट्रेलिया, यूरोप और ब्रिटेन जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज में कटौती कर दी है। नई दरें 1 जुलाई से लागू हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, उत्तरी अमेरिका और आस्ट्रेलिया की उड़ानों के लिए प्रति टिकट फ्यूल सरचार्ज 280 डॉलर से घटाकर 200 डॉलर कर दिया गया है। वहीं, यूरोप और ब्रिटेन जाने वाली उड़ानों के लिए यह शुल्क 205 डॉलर से घटाकर 125 डॉलर कर दिया गया है।
एअर इंडिया ने 7 अप्रैल को पश्चिम एशिया में चल रहे टकराव के कारण तेल और जेट फ्यूल की कीमतों में आई बढ़ोतरी के बीच फ्यूल सरचार्ज लागू करने की घोषणा की थी। उस समय बढ़ी हुई लागत और एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों के कारण एयरलाइन का परिचालन खर्च बढ़ गया था।
सूत्रों ने बताया कि संशोधित फ्यूल सरचार्ज 1 जुलाई से प्रभावी हो चुका है। हालांकि, एअर इंडिया की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
एयरलाइन की अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और घरेलू सेवाओं के लिए फ्यूल सरचार्ज में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। उत्तरी अमेरिका, आस्ट्रेलिया, यूरोप और ब्रिटेन की उड़ानों पर यह सरचार्ज 10 अप्रैल से लागू था।
गौरतलब है कि 7 अप्रैल को एअर इंडिया समूह ने कुछ चुनिंदा रूट्स को छोड़कर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 24 से 280 अमेरिकी डॉलर तथा घरेलू उड़ानों पर 299 से 899 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज लगाने की घोषणा की थी।
घरेलू एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी को 25 प्रतिशत तक सीमित करने के सरकार के फैसले के बाद एअर इंडिया समूह ने यह व्यवस्था लागू की थी।
Continue With Google
Comments (0)