भोपाल/गुना। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल अंतर्गत गुना रेलवे स्टेशन से 27 जून 2026 को नई बीना–गुना-रुठियाई मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ रेलवे अधोसंरचना के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चम्बल और मालवा क्षेत्र में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गुना संसदीय क्षेत्र में विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत और कई ट्रेनों के ठहराव को सुनिश्चित किया गया है। साथ ही गुना रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्रगति की जानकारी भी ली गई।
नई मेमू सेवा के शुरू होने से बीना, गुना और रुठियाई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन का नियमित संचालन 27 जून 2026 से शुरू कर दिया गया है।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 61625 बीना–रुठियाई मेमू प्रतिदिन शाम 4:20 बजे बीना स्टेशन से रवाना होगी और सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7:05 बजे गुना तथा शाम 7:40 बजे रुठियाई पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 61626 रुठियाई–बीना मेमू प्रतिदिन रात 8:00 बजे रुठियाई से चलेगी, रात 8:20 बजे गुना पहुंचेगी और सभी स्टेशनों पर ठहराव करते हुए रात 11:20 बजे बीना पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन मिलेगा और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा। इससे व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रेल प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पश्चिम मध्य रेल के अनुसार नई बीना–रुठियाई मेमू सेवा और क्षेत्र में जारी रेलवे विकास कार्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
Continue With Google
Comments (0)