भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। 24 जून को प्रदेश के 15 जिलों में मानसून की आधिकारिक एंट्री की घोषणा की गई थी। हालांकि 25 जून को मानसून आगे नहीं बढ़ा, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहा। शाजापुर समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 45 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र के अनुसार आज मानसून आगे बढ़ सकता है। यदि मौसम की स्थिति अनुकूल रही तो अगले दो दिनों में मानसून भोपाल और उज्जैन संभाग के जिलों में प्रवेश कर जाएगा। इसके बाद मानसून ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग की ओर बढ़ेगा। इन संभागों में मानसून सबसे आखिर में पहुंचेगा।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को आगर-मालवा और सीहोर जिले में करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर में हल्की से तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।
वहीं ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में धूप खिली रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। शाजापुर में 51 मिलीमीटर यानी 2 इंच से अधिक बारिश हुई। श्योपुर और बालाघाट में करीब आधा इंच पानी गिरा। इंदौर, खंडवा, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मैहर और खरगोन सहित कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहा।
शाजापुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं इंदौर में लगातार बारिश को देखते हुए जोखिम वाले पर्यटन स्थलों पर 22 अगस्त तक प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। खरगोन में सबसे कम 29.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। बैतूल में 30.5 डिग्री, सिवनी में 31 डिग्री, खंडवा में 31.1 डिग्री, पचमढ़ी में 32.4 डिग्री, धार में 32.6 डिग्री, नर्मदापुरम में 33.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 34 डिग्री, शाजापुर में 34.2 डिग्री, रायसेन में 34.6 डिग्री, शिवपुरी में 35 डिग्री, सागर में 35.7 डिग्री और उमरिया में 35.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के पांच बड़े शहरों में भोपाल का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री, इंदौर का 33.9 डिग्री, उज्जैन का 33.8 डिग्री, जबलपुर का 38.1 डिग्री और ग्वालियर का 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
Continue With Google
Comments (0)